अंबिकापुर। सरगुजा जिले में फ्लैगशिप मोबाइल की प्री-बुकिंग पर भारी छूट और मुनाफे का लालच देकर एक व्यवसायी से करीब 16 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।निवेश और मोबाइल खरीद-बिक्री के नाम पर किश्तों में रकम ट्रांसफर कराई गई, लेकिन न तो मोबाइल की डिलीवरी हुई और न ही पैसा वापस मिला। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग एवं मोबाइल कारोबार से जुड़े व्यवसायी अर्पित अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी पहचान रियल एस्टेट कारोबारी आदित्य गुप्ता के माध्यम से आयुष सिंह राजपूत से हुई थी।आदित्य गुप्ता ने आयुष सिंह को बड़ा कारोबारी बताते हुए उसका परिचय कराया था। इसके बाद आयुष सिंह ने वीवो कंपनी के फ्लैगशिप मोबाइल की क्रेडिट कार्ड से प्री-बुकिंग कराने पर भारी छूट मिलने और अच्छा मुनाफा होने का लालच दिया।