Spread the love

छत्तीसगढ़ न्यूज़, रायपुर : रविवार देर रात अंबेडकर अस्पताल में बाउंसर्स ने मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट की। रिपोर्टर्स रायपुर में हुई चाकूबाजी की घटना की रिपोर्टिंग करने पहुंचे थे। इस दौरान रिपोर्टर को बाउंसर्स ने घायल शख्स से बातचीत करने और न्यूज बनाने से रोका। इसके बाद बाउंसर्स पत्रकार से हाथापाई पर उतर आए। इसकी खबर मिलते ही रायपुर के अन्य पत्रकार और प्रेस क्लब के पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। बाउंसर्स ने सभी पत्रकारों के साथ पुलिस के सामने ही धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इतना ही नहीं गोली मारने की धमकी भी दिए। इस मामले में तीन बाउंसर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के आधे सिर मुंडवाकर जुलूस भी निकाला।

बता दे की मीडियाकर्मियों से मारपीट की सूचना के बाद रात में ही आक्रोशित पत्रकारों ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर दिया। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पत्रकार सीएम हाउस के गेट के बाहर धरने पर बैठ गये। इधर, रात में ही मीडियाकर्मियों से बात करने के लिए अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डाॅ संतोष सोनकर दौड़े-भागे सीएम हाउस गेट के पास पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से मारपीट की घटना को लेकर माफी मांगी। वहीं, प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर से देर रात स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फोन पर बात की। साथ ही घटना की निंदा करते हुए आरोपियों को मिट्टी में मिला देने की बात कही। तब जाकर धरना स्थगित हुआ और सभी पत्रकार अपने घर गए । पूरा मामला रविवार देर रात 25 मई का है ।