Spread the love

Raipur News । छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के हंसपुर गांव कुसमी में आदिवासी ग्रामीण रामनरेश राम की निर्मम पिटाई एवं मृत्यु की घटना को लेकर मंगलवार (17 फरवरी) को  शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राजीव गांधी चौक में भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया।

उल्लेखनीय है कि मृतक ग्रामीण ने कुछ दिन पूर्व क्षेत्र में हो रहे अवैध बॉक्साइट खनन का खुलकर विरोध किया था।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने किया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि भाजपा शासन में आदिवासी, गरीब और कमजोर वर्ग सुरक्षित नहीं हैं। अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने वालों को कुचलने का काम किया जा रहा है, जो प्रशासनिक संरक्षण में पनप रहे माफियाओं की ओर इशारा करता है।

उन्होंने कहा कि एक गरीब आदिवासी की निर्दयता से पिटाई कर हत्या किया जाना बेहद शर्मनाक है। कांग्रेस पार्टी इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

पढ़े मामला….

बलरामपुर जिले के एसडीएम और तहसीलदार ने  अवैध बॉक्साइट खनन की जांच के लिए गए थे, जहां उन्होंने 3 ग्रामीणों को हिरासत में लेकर लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। इस पिटाई के कारण 60 वर्षीय नरेश राम की अस्पताल में मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक घायल हैं। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है।

उप संभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) करुण डहरिया और तहसीलदार पारस शर्मा पर स्थानीय युवकों के साथ मिलकर तीन ग्रामीणों की जमकर पिटाई करने का आरोप है।

आरोप है कि अधिकारियों की पिटाई के कारण आदिवासी नरेश राम (60) की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान मौत हो गई।