Spread the love

पटना: बिहार की राजधानी पटना में क्रिसमस और नववर्ष के आगमन को लेकर उत्साह चरम पर है। क्रिसमस को लेकर शहर के सभी चर्चों को आकर्षक ढ़ंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की सजावट, क्रिसमस ट्री और सांता क्लॉज के कटआउट से चर्च परिसर जगमगा रहे हैं।

क्रिसमस के लिए चर्चों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी प्रमुख चर्चों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है, वहीं आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

इसी बीच शहर का सबसे बड़ा और लोकप्रिय पार्क राजधानी वाटिका (इको पार्क) भी क्रिसमस और नववर्ष के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। पार्क को विशेष लाइटिंग और सजावट से और भी आकर्षक बनाया गया है। क्रिसमस के अवसर पर यहां शिकारा की विशेष व्यवस्था की गई है, जो पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नए साल का जश्न मनाने आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए अन्य गतिविधियों की भी तैयारी की गई है।

ईको पार्क प्रशासन ने बताया कि 1 जनवरी को बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रवेश टिकट के शुल्क में वृद्धि की गई है। इस दिन वयस्कों के लिए टिकट शुल्क 50 रुपये और बच्चों के लिए 25 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके बदले आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।

मनोरंजन के साथ अन्य रोचक गतिविधियों की भी उत्तम व्यवस्था की गई है। इको पार्क में बच्चों के लिए चिल्ड्रन पार्क में झूलों की व्यवस्था है, जबकि युवाओं के लिए एडवेंचर पार्क में रॉक क्लाइंबिंग, जिपलाइन, साइकिलिंग सहित कई रोमांचक गतिविधियां उपलब्ध हैं।

वहीं बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय में भी क्रिसमस को लेकर तैयारियां बढ़ा दी गई हैं। बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि पिछले वर्ष क्रिसमस के मौके पर लगभग 6000 लोग आए थे और उम्मीद है कि इस बार भी उतनी ही या उससे अधिक भीड़ होगी। इसको देखते हुए बिहार म्यूजियम और पटना म्यूजियम में दो दो टिकट काउंटर बढ़ा दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि भीड़ को काबू करने के लिए शत प्रतिशत पुलिस बल का इस्तेमाल किया जाएगा।