पटना। राज्य के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह ने रविवार को पटना स्थित लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के निर्माणाधीन मुख्यालय भवन का स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान विभागीय सचिव पंकज कुमार पाल, विशेष सचिव संजीव कुमार, अभियंता प्रमुख-सह-विशेष सचिव नित्यानंद प्रसाद समेत विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कुल 83 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस भवन के सभी घटको की तकनीकी गुणवत्ता की विस्तृत जांच सुनिश्चित करने का निर्देश लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री के स्तर से दिया गया। विभागीय मंत्री ने कहा कि “भवन की भविष्यगत आवश्यकताओं और विभागीय उपयोग को ध्यान में रखते हुए निर्माण के हर चरण में निर्धारित मानकों का पालन किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भवन की मजबूती और दीर्घायु सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।”
मंत्री के निर्देशानुसार परियोजना की सतत निगरानी के लिए विभाग ने एक विशेष टास्क टीम बनाने का निर्णय लिया है, जो निर्माण कार्य की दैनिक प्रगति की समीक्षा करेगा। साथ ही, संवेदक को साप्ताहिक कार्य योजना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।