बिहार पटना : बिहार जनता दल (यू0) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा लिए गए हालिया फैसलों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ये निर्णय सुशासन की प्रतिबद्धता और जनहित के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि इन फैसलों से गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिक और कर्मचारी सहित हर वर्ग के जीवन में नया भरोसा, राहत और स्थायित्व आएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्णय के अनुसार 1 अगस्त 2025 से राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 125 यूनिट बिजली निःशुल्क प्रदान की जा रही है, जिससे लाखों गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधी आर्थिक राहत मिलेगी। वहीं, 2025 से 2030 तक एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी एवं स्वरोजगार से जोड़ने का संकल्प राज्य के युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
इसके अतिरिक्त, युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने हेतु ”जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय“ की स्थापना की जाएगी, जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और व्यापक रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। साथ ही, शिक्षकों की बहाली में डोमिसाइल नीति का निर्णय राज्य के युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोलेगा।
श्री कुशवाहा ने यह भी कहा कि नीतीश सरकार द्वारा लिए गए अन्य निर्णयों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाओं को मिलने वाली राशि रु400 से बढ़ाकर रु1100, आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय रु1000 से बढ़ाकर रु3000, ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव प्रोत्साहन राशि रु300 से बढ़ाकर रु600, मध्याह्न भोजन योजना की रसोइयों का मानदेय रु1650 से बढ़ाकर रु3300, रात्रि प्रहरियों का मानदेय रु5000 से बढ़ाकर रु10000 तथा शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों का मानदेय रु8000 से बढ़ाकर रु16000 कर दिया गया है। साथ ही, पत्रकारों की पेंशन राशि रु6000 से बढ़ाकर रु15000 तथा उनके आश्रितों को रु10000 प्रतिमाह देने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने समाज के उस वर्ग को हमेशा प्राथमिकता दी है, जो वर्षों से हाशिए पर रहा है। सफाईकर्मियों के अधिकार, सुरक्षा और पुनर्वास हेतु ”बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग“ का गठन कर एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। आगे उन्होंने कहा कि ये सभी फैसले श्री नीतीश कुमार की संवेदनशीलता और दूरदर्शी नेतृत्व का परिचायक हैं।