हैदराबाद : एनएमडीसी स्टील लिमिटेड (एनएसएल) ने अपने एकीकृत इस्पात संयंत्र के कई परिचालन इकाइयों में रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन करके 22 जून, 2025 को ऐतिहासिक दिन बना दिया । कंपनी ने ब्लास्ट फर्नेस की रेटेड क्षमता का 117% उपयोग कर 11,101 टन हॉट मेटल उत्पादन का अपना उच्चतम रिकार्ड दर्ज किया । कोक कटर प्रदर्शन में सुधार के उपरांत 79% की अबतक के सर्वोत्तम ब्लास्ट फर्नेस (बीएफ) कोक उत्पादन सहित विभिन्न विभागों की सर्वोच्च दक्षता से इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल किया गया ।
इसके साथ, संयंत्र ‘सी’ शिफ्ट के दौरान शिफ्ट के उच्चतम 3,759 टन हॉट मेटल का उत्पादन हासिल करते हुए 14 अप्रैल, 2025 को प्राप्त हुए 3,729 टन के पूर्वर्ती शिफ्ट रिकॉर्ड से आगे निकल गया । इस दौरान सामग्री हैंड्लिंग और प्रवाह क्षमता में भी वृद्धि दर्ज हुई, जिसमें साइलो में कोयले को पुनः प्राप्त करने की प्रक्रिया ने 10,000 टन को पार किया और ब्लास्ट फर्नेस में सिंटर ट्रांसफर 18,203 टन के नए बेंचमार्क तक पहुंच गया । लौह अयस्क लंप (आईओएल) हस्तांतरण पिछले उच्चतम रिकॉर्ड को पार करते हुए 5,910 टन तक पहुँच गया । एनएसएल के टॉप रिकवरी टरबाइन (टीआरटी) ने अपनी डिज़ाइन की गई सीमा 16.4 मेगावाट (एमडब्ल्यू) को प्राप्त किया, जिसने ऊर्जा पुनर्प्राप्ति को अधिकतम किया और कंपनी की बिजली लागत में प्रति माह 60 लाख से अधिक की बड़ी बचत की ।
ऑक्सीजन के क्षेत्र में संयंत्र के ऑक्सीजन उत्पादन इकाई ने संविदात्मक मात्रा को पार करते हुए 34,000 सामान्य क्यूबिक मीटर प्रति घंटे (एनएम³/एचआर) की बढ़ी हुई आपूर्ति हासिल की, जिसने उच्च-मात्रा एवं निरंतर संचालन को सक्षम बनाया । स्टील मेल्टिंग शॉप (एसएमएस) ने 52 हीट्स टैप किया जिससे 9,400 टन तरल इस्पात का उत्पादन हुआ, जबकि टुंडिश कास्टिंग (टीएससी) इकाई ने अब तक का उच्चतम 54 हीट्स हासिल किया, जिसमें टुंडिश संख्या 06 ने अकेले एक ही दिन में 29 हिट्स कास्ट किए । इसके अतिरिक्त, बाई-प्रॉडक्ट संयंत्र (बीपीपी) ने अपनी सल्फर इकाई में 1,000 किलोग्राम का उत्पादन कर वित्तीय वर्ष का उच्चतम दैनिक उत्पादन किया ।
इस माइलस्टोन पर टिप्पणी करते हुए श्री अमिताभ मुखर्जी, अध्यक्ष–सह–प्रबंध निदेशक, एनएमडीसी लिमिटेड और एनएमडीसी स्टील लिमिटेड ने कहा, “एनएसएल जैसे नवीनतम संयंत्र के लिए, यह माइलस्टोन टीमवर्क और विभागों में तालमेल की ताकत को दर्शाता है । प्रत्येक इकाई ने इस रिकॉर्ड को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और हम सब मिलकर एक विश्व स्तरीय इस्पात उत्पादक बनने के अपने दृष्टिकोण की दिशा में लगातार प्रगति कर रहे हैं । पूरी टीम को मेरी हार्दिक बधाई ।”
एनएसएल क्षमता के पूर्ण उपयोग, ऊर्जा अनुकूलन और सिंक्रोनाइज्ड संचालन की ओर बढ़ रहा है, जो एक युवा इस्पात संयंत्र रिकार्ड समय में प्राप्त की जा सकने वाली उपलब्धियों को आगे बढ़ा रहा है ।