Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक एवं छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री कमल वर्मा ने सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत नियुक्त बी.एड. प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के समायोजन का समर्थन करते हुए माननीय मुख्यमंत्री को एक पत्र भेजा है।

उक्त पत्र में श्री वर्मा ने उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 30 दिसंबर 2024 से समाप्त की गई सहायक शिक्षकों की सेवाओं को अत्यंत पीड़ादायक और न्याय के प्रतिकूल बताया। उन्होंने उल्लेख किया कि इन शिक्षकों की नियुक्ति तत्कालीन मान्य नियमों के अनुसार की गई थी तथा वे वर्तमान में सेवा में कार्यरत थे।

श्री वर्मा ने पत्र में यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित अन्तर्विभागीय समिति की बैठकें 9 जनवरी एवं 4 अप्रैल 2025 को संपन्न हो चुकी हैं, किंतु अब तक कोई स्पष्ट निर्णय प्रभावित अभ्यर्थियों तक नहीं पहुंचा है। उन्होंने यह भी बताया कि सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) के रिक्त पदों पर समायोजन की पूरी संभावना है और इस विषय पर पूर्व में तीन बार अभ्यावेदन प्रस्तुत किए जा चुके हैं। अंतिम बार 27 फरवरी 2025 को एक माह के भीतर निर्णय की अपेक्षा जताई गई थी।

श्री वर्मा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि संबंधित समिति की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर एक माह की समय सीमा में न्यायोचित निर्णय प्रदान किया जाए, ताकि इन शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित रह सके।