Spread the love

छत्तीसगढ़, रायपुर : प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री  केदार कश्यप और बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री महेश कश्यप के द्वारा जिले के ग्रामों में देवगुड़ी बनाए जाने हेतु भूमिपूजन किया गया।

देवगांव पोटा केबिन में आयोजित कार्यक्रम में 69 बालिकाओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री  कश्यप ने कहा कि पढ़ाई का समय जीवन में एक बार मिलता है, जिसका सही उपयोग कर अपने जीवन को सुखमय बनाने के लिए अच्छे से पढ़ाई करें और जीवन में परिवर्तन लाएं। जिले के अंदरूनी क्षेत्र से आकर पोटा केबिन जैसे संस्था में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं बच्चे अपने माता-पिता के लिए एक चिराग के समान हैं। उन्होंने छात्र- छात्राओं से कहा कि अच्छे से पढ़ लिख कर अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि गुरुजनों के बताए हुए रास्ते पर चलकर अपने जीवन को साकार बनाएं और मेहनत कर कामयाबी हासिल करें।

नारायणपुर पुलिस थाना में डीआरजी के जवानों को 150 बाइक वितरण

मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर जिला के दो दिवसीय प्रवास के दौरान आज नारायणपुर पुलिस थाना में डीआरजी के जवानों को 150 बाइक वितरण कर नक्सल ऑपरेशन में सफलता प्राप्त करने के लिए जवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जवानों का हाल-चाल पूछा और नक्सल ऑपरेशन में सफलता प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दी।

मंत्री कश्यप ने जवानों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि ये मोटरसाइकिलें उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि करेंगी और सुरक्षा अभियानों में सहायता प्रदान करेंगी।उन्होंने  कहा कि राज्य सरकार हमेशा जवानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है, और यह वितरण उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद  महेश कश्यप ने कहा …

बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री महेश कश्यप ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने संस्कृति और परंपरा को बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत की हैं उन्हें बचाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। बालिकाओं ने बस्तर के संस्कृति के ऊपर प्रस्तुत कार्यक्रम को देखकर सांसद ने कहा कि मैं अपने पूर्वजों को धन्यवाद ज्ञापित करता हूं जिन्होंने हमारी संस्कृति और परंपरा को संरक्षित रखे। उन्होंने अपने सांसद बनने के बाद पहली बार संसद भवन पहुंच कर बस्तर के विकास के लिए प्रश्न उठाए हैं। उन्होंने बताया कि रेल मार्ग अंतागढ़ से लेकर जगदलपुर तक 126 किलोमीटर बढ़ाने और रायपुर धमतरी से होते हुए केशकाल से जगदलपुर तक और जगदलपुर से दंतेवाड़ा होते हुए बीजापुर से महाराष्ट्र तक रेल मार्ग बनाया जाएगा।