पटना : गुरुवार (10 मार्च ) को जनता दल (यू0) के प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के मद्य निषेध मंत्री रत्नेश सदा एवं परिवहन मंत्री शीला मंडल ने प्रदेशभर से आए आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान हेतु आवश्यक पहल की। साथ ही, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी एवं प्रकोष्ठों के संयोजक प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी भी उपस्थित थे।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि शराब तस्करों पर नकेल कसने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और उनके विरुद्ध सीएए के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि शराबबंदी कानून के लागू होने से सामाजिक वातावरण में उल्लेखनीय सुधार आया है, विशेष रूप से महिलाओं के विरुद्ध होने वाली घरेलू हिंसा की घटनाओं में कमी आई है।
मंत्री शीला मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रदेश की आधी आबादी के सच्चे हितैषी हैं। उन्होंने महिलाओं को हर स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अपराध के विरुद्ध हमारे नेता की नीति हमेशा से ‘ज़ीरो टाॅलरेंस’ की रही है।