Spread the love

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में गुरुवार को 43वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का आगाज हुआ। इसकी शुरुआत के साथ साझीदार राज्य बिहार के पवेलियन का भी उद्घाटन किया गया। इस पवेलियन में लोग बिहार संग्रहालय का अवलोकन कर सकेंगे।

14 से 27 नवम्बर तक अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला

14 से 27 नवम्बर तक चलने वाले अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में आज बिहार सरकार के हथकरघा एवं रेशम उत्पादन विभाग के निदेशक निखिल धनराज निप्पाणिकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर पवेलियन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बिहार संग्रहालय के निदेशक अशोक कुमार सिन्हा सहित उद्योग मित्र, बिहार खादी एवं उद्योग विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

बिहार पवेलियन के क्रियान्वयन निदेशक निखिल धनराज निप्पाणिकर ने बताया कि इस बार मेले में हैंडलूम एवं हेंडिक्रॉफ्ट तथा खादी के 75 स्टाल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर बिहार के पारंपरिक हस्तकलाओं एवं हस्तकरघा उत्पाद जिनमें नालंदा का बाबन बूटी, भागलपुर का सिल्क, मिथिलांचल की मधुबनी पेंटिंग, पटना की टिकुली कला इत्यादि को स्थान दिया गया है। इसके अलावा बिहार खादी के उत्पाद भी रखे गए हैं।