मुंबई : देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बन गए हैं। आज शाम 5:30 बजे आजाद मैदान में उन्होंने सीएम पद की शपथ ली। महाराष्ट्र चुनाव रिजल्ट के 13 दिन बाद नई सरकार बन गई है। देवेंद्र फडणवीस ने 10 साल में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ऐसा करने वाले वह भाजपा के पहले नेता हैं। शपथ के बाद वे पीएम मोदी के पास गए और अभिनंदन किया।
फडणवीस के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। शपथ से पहले उन्होंने बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे का नाम लिया। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को धन्यवाद दिया। वे राज्य के दूसरे नेता हैं जो सीएम के बाद डिप्टी सीएम बने।
शिंदे के बाद NCP नेता अजित पवार ने डिप्टी सीएम की शपथ ली। वह छठी बार राज्य के डिप्टी सीएम बने हैं। वह महायुति और महाविकास अघाड़ी दोनों गठबंधन की सरकार में डिप्टी सीएम रहने वाले महाराष्ट्र के पहले नेता बन गए हैं।